लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कोटपूतली। प्रदेश सरकार जहां शहरी कैंपों के माध्यम से आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दे रही है, वहीं कोटपूतली नगर परिषद में शहरी कैंप के दौरान लापरवाही का मामला सामने आया है। कैंप के समय नगर परिषद कार्यालय में कई अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि नगर परिषद में अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति के चलते पट्टों सहित विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई लोगों को बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ा, जबकि कुछ को बार-बार नगर परिषद के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद की कार्यप्रणाली के कारण शहर में नालों की सफाई सहित कई विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना है कि शहरी कैंप का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति से इस उद्देश्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं प्रदेशभर में शहरी कैंपों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दे रहे हैं। ऐसे में कोटपूतली नगर परिषद में सामने आई लापरवाही प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
अब लोगों की निगाहें प्रशासन पर हैं कि अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
