लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। राजस्थान के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेड़म ने भरतपुर दौरे के दौरान पहाड़ी तहसील के सीकरी कस्बे के पास स्थित नील मदरसे में हुए दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं से सेफ्टी टैंक साफ कराने जैसी घटना बेहद शर्मनाक है और इस मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए बेड़म ने बताया कि हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि करीब 12 छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया।
गृह राज्यमंत्री ने कहा कि विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में बच्चों का उद्देश्य शिक्षा प्राप्त करना होता है, न कि उनसे जान जोखिम में डालने वाले कार्य कराए जाएं। यदि किसी संचालक, शिक्षक या जिम्मेदार व्यक्ति ने छात्राओं को सेफ्टी टैंक साफ करने के लिए मजबूर किया है, तो यह अत्यंत गंभीर और निंदनीय कृत्य है।
उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं तथा पुलिस ने घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बेड़म ने कहा कि राज्य सरकार बच्चों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उनके जीवन की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार समय-समय पर स्कूलों, शिक्षण संस्थानों और अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कराती है। नगर निकायों के बायलॉज और सरकारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाती है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे।
