लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
— विभाग की अनदेखी पर युवाओं ने किया श्रमदान
गौतम शर्मा, राजसमंद।
राजसमंद जिले के मादड़ी गांव से होकर गुजरने वाली मुख्य डामरीकरण सड़क की हालत पिछले डेढ़ वर्ष से अत्यंत जर्जर बनी हुई है। गहरे खड्डों और टूटे हिस्सों के कारण आए दिन राहगीर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग की चुप्पी अब तक बरकरार है।
ग्राम पंचायत समिति प्रतिनिधि विजयराम गुर्जर ने बताया कि कई बार अमेट पीडब्ल्यूडी विभाग को स्थिति से अवगत कराने के बावजूद “बजट नहीं है” कहकर मरम्मत कार्य टाल दिया जा रहा है।
गंभीर स्थिति को देखते हुए गांव के युवाओं ने बुधवार को श्रमदान करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली में कंक्रीट डलवाकर सड़क के तीन बड़े खड्डों को अस्थायी रूप से भर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात या नाली का पानी इन गड्ढों में भर जाने से गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और कई लोग अब तक घायल होकर आर.के. चिकित्सालय तक पहुंच चुके हैं।
यह मार्ग मादड़ी से सरदागढ़ को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता है, जिस पर दैनिक रूप से सैकड़ों वाहनों का आवागमन होता है। युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
इस श्रमदान कार्य में शिवलाल गुर्जर, पूरण दास वैष्णव, राजू गुर्जर, भेरूलाल गुर्जर, राजू सालवी, अर्जुन गुर्जर, प्रदीप पालीवाल, राहुल पालीवाल, विशाल लोहार, किशन गुर्जर, गणपत दास वैष्णव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण युवा शामिल रहे।
ग्रामीणों ने विभाग से सड़क को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है।
