लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। जिले के वैर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में खेत पर काम करने जा रही मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद रायपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, रायपुर गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को ट्रॉली से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी।
घायलों को पहले वैर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद नौ महिलाओं को गंभीर हालत में जिला आरबीएम अस्पताल, भरतपुर रेफर किया गया।
आरबीएम अस्पताल के पीएमओ डॉ. नगेंद्र भदौरिया ने बताया कि अस्पताल में भर्ती कराई गई महिलाओं में रायपुर निवासी धोरी पत्नी मानसिंह उर्फ दाऊजी, मछला पत्नी दिनेश, मिथलेश पत्नी वीरेंद्र जाटव, आरती पत्नी रामजीत, मोहनी पत्नी लक्ष्मण, बर्फी पत्नी मुंशीराम, हरदेई पत्नी नारायण सिंह, सत्तो और गुड्डी पत्नी सुरेश जाटव शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि धोरी पत्नी मानसिंह उर्फ दाऊजी और मिथलेश पत्नी वीरेंद्र जाटव की मौत हो चुकी है। दोनों के शवों को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई करेगी।
हादसे के बाद मृतक महिलाओं के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे रायपुर गांव में मातम का माहौल है। वैर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।