लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि केंद्रीय सहायता प्राप्त योजनाओं में मिलने वाली वित्तीय सहायता का तय समय सीमा में उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि राज्य को केंद्र से निधि का हस्तांतरण निरंतर मिलता रहे।
मुख्यमंत्री गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में केंद्रीय सहायता प्राप्त योजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं राज्य के सर्वांगीण विकास के साथ महिला, युवा, किसान और मजदूर सहित सभी वर्गों के उत्थान का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी विकास में इन योजनाओं की अहम भूमिका है और प्राप्त निधि का समय पर उपयोग होने से अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को लाभ मिल पाता है।
मुख्यमंत्री ने योजनाओं के क्रियान्वयन, वित्तीय प्रगति और लाभार्थियों तक पहुंच की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि जारी करवाने के प्रयासों में तेजी लाई जाए।
बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, चिकित्सा शिक्षा, स्वायत्त शासन, स्कूल शिक्षा, कृषि, उद्यानिकी, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा समेकित बाल विकास सेवाएं विभागों के अंतर्गत संचालित केंद्रीय सहायता प्राप्त योजनाओं की वित्तीय प्रगति की जानकारी दी।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित संबंधित विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
