Home latest कांग्रेस नेताओं को विकास नहीं दिखता- राठौड

कांग्रेस नेताओं को विकास नहीं दिखता- राठौड

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की बयानबाजी निराधार, बजट की प्रशंसा कर दें तो उनकी दुकान उठ जाए: मदन राठौड़

जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के केंद्रीय बजट को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता यदि भाजपा सरकार के बजट की एक बार भी प्रशंसा कर दें तो उनकी राजनीति की दुकान ही बंद हो जाएगी, इसलिए वे हर बजट को निराशाजनक बताने का प्रयास करते हैं।

मदन राठौड़ ने कहा कि डोटासरा को बयानबाजी करने के बजाय तथ्यों का तुलनात्मक अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2004 में जहां इनकम टैक्स में केवल 50 हजार रुपये तक की छूट थी, वहीं वर्तमान भाजपा सरकार ने इसे बढ़ाकर 12 लाख रुपये से अधिक कर दिया है। यह केवल टैक्स सुधार नहीं, बल्कि आम जनता को राहत देने का ठोस उदाहरण है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश में व्यापक स्तर पर आधारभूत ढांचे का विकास हुआ है। हजारों किलोमीटर रेलवे लाइनों का विद्युतीकरण किया गया है और सैकड़ों रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण हो रहा है। जयपुर, उदयपुर और जोधपुर सहित देशभर के 300 से अधिक छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों के विकास के लिए केंद्र सरकार ने बजट का प्रावधान किया है, लेकिन यह सब कांग्रेस नेताओं को नजर नहीं आता।

राठौड़ ने कहा कि फोरलेन और सिक्स-लेन सड़कों का निर्माण, भारतमाला परियोजना के तहत सड़कों का विशाल नेटवर्क, वंदे भारत और द्रुतगति ट्रेनों का संचालन तथा राष्ट्रीय जलमार्गों का विकास—ये सभी ऐतिहासिक उपलब्धियां हैं। इसके बावजूद कांग्रेस नेता विकास को नकारते हुए जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि पहले देश में केवल 1.25 करोड़ लोग इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करते थे, जबकि आज यह संख्या 10 करोड़ से अधिक हो चुकी है। वर्ष 2013 में जहां केवल 1 प्रतिशत लोग टैक्स देते थे, वहीं आज यह बढ़कर 8 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इसी प्रकार वर्ष 2004 में प्रति व्यक्ति आय 23 हजार रुपये थी, जो आज बढ़कर 2 लाख 5 हजार रुपये से अधिक हो गई है।

मदन राठौड़ ने कहा कि मोदी सरकार ने रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल की है और अब हथियार देश में ही बनाए जा रहे हैं। लॉजिस्टिक्स व्यवस्था के मजबूत होने से किसान अपनी उपज को गोदामों में सुरक्षित रखकर देश के किसी भी हिस्से में भेज पा रहे हैं। सड़क, रेल, बिजली, चिकित्सा, सौर ऊर्जा सहित हर क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से कार्य करते हैं और कभी लोक-लुभावन बजट नहीं लाते। इस बजट का उद्देश्य आर्थिक विकास को गति देना और समाज के हर वर्ग तक सुविधाएं पहुंचाना है। यदि कांग्रेस नेताओं को यह विकास नजर नहीं आता, तो इसमें सरकार की कोई कमी नहीं है। चाहें तो वे विकास कार्यों को “मेरे चश्मे से” देखकर समझ सकते हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version