लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जवाहर सिंह बेढम ने अधिकारियों को निस्तारण के दिए निर्देश
भजनलाल सरकार पर जनता का विश्वास मजबूत – जवाहर सिंह बेढम
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में राजस्थान सरकार के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम की जनसुनवाई में प्रदेशभर से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं और आमजन ने अपनी समस्याएं रखीं। मंत्री बेढम ने कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान भरतपुर जिले के मैनापुरा–भुसावर क्षेत्र के पूर्व सरपंच एवं कांग्रेस कार्यकर्ता सतीश पांडे भी अपनी समस्या लेकर भाजपा कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान उनकी समस्याओं पर किसी ने ध्यान नहीं दिया, लेकिन वर्तमान में उन्हें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर पूरा विश्वास है। मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने उनके प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि भजनलाल सरकार की कार्यशैली पूरी तरह जनता-केंद्रित और समाधान आधारित है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक की बात सुनी जाए और उसकी समस्या का त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता के प्रति जवाबदेह रहकर कार्य करना भाजपा का मूल सिद्धांत है।
पेपर लीक, एसआईआर सहित अन्य मामलों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री बेढम ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल की गंभीर अनियमितताएं अब सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ओएमआर शीट में हेरफेर कर शून्य और माइनस अंक प्राप्त करने वालों को भी मेरिट में शामिल किया गया, जिससे मेहनती युवाओं के साथ अन्याय हुआ। वर्तमान सरकार ऐसे मामलों में निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी खोई हुई प्रासंगिकता बचाने के लिए अनर्गल आरोप और हथकंडे अपना रहा है, लेकिन राजस्थान में पेपर माफिया और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। सरकार कानून के दायरे में रहते हुए प्रत्येक दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।