लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हर वर्ग तक पहुंचाया सुरक्षा का संदेश
रिपोर्ट: मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। शहर में आमजन को सुरक्षा एवं कानून के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कालिका पेट्रोलिंग यूनिट-2 एंटी रोमियो स्क्वायड द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक हरी शंकर के आदेशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीलम चौधरी और पुलिस निरीक्षक एवं सुपरवीजन अधिकारी सीर कौर के निर्देशन में प्रभारी सुखदेव सिंह के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत यूनिट द्वारा बच्चों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों एवं व्यापारियों सहित समाज के सभी वर्गों को सुरक्षा और कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। स्कूलों और कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, गुड टच-बैड टच तथा आपातकालीन नंबर 112 और 1090 के बारे में विस्तार से बताया गया।
महिलाओं को आत्मरक्षा, छेड़छाड़ और घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें निडर होकर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं बुजुर्गों को अकेले रहने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
इसके अलावा व्यापारिक प्रतिष्ठानों और आमजन को राजकोप सिटीजन एप डाउनलोड करने और उसके प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त की जा सके।
पुलिस के इस अभियान से शहर में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है और विशेषकर महिलाओं में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सहयोग की भावना मजबूत हुई है। पुलिस प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता अभियान जारी रखने का आश्वासन दिया है।
