लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बोले- अपराध नियंत्रण होगी सर्वोच्च प्राथमिकता
जोधपुर। आईपीएस अधिकारी अंशुमन भोमिया ने शुक्रवार को जोधपुर के नए पुलिस कमिश्नर के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति और लंबित मामलों की समीक्षा की। इस दौरान पूर्व पुलिस कमिश्नर शरद कविराज ने उन्हें जोधपुर पुलिस की कार्यप्रणाली और प्रमुख चुनौतियों की जानकारी दी।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया ने कहा कि एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) में लंबे समय तक काम करने का उनका अनुभव जोधपुर में प्रभावी पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण में सहायक होगा।
उन्होंने कहा कि जोधपुर की भौगोलिक स्थिति और अंतरराज्यीय संपर्क के कारण यहां अपराध का स्वरूप अन्य शहरों से अलग है। मादक पदार्थों की तस्करी, साइबर अपराध, बजरी माफिया और संगठित अपराध जैसी चुनौतियों से सख्ती के साथ निपटा जाएगा।
भोमिया ने कहा कि राजस्थान के पश्चिमी क्षेत्र और सीमावर्ती इलाकों से निकटता के कारण जोधपुर मादक पदार्थों की तस्करी का महत्वपूर्ण मार्ग रहा है। ऐसे में आधुनिक तकनीक, मजबूत खुफिया तंत्र और प्रभावी निगरानी के माध्यम से अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि साइबर अपराध पर नियंत्रण, संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधियों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जोधपुर पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।