लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार (झालावाड़)। गंगधार थाना प्रभारी अमरनाथ जोगी के स्थानांतरण पर क्षेत्रवासियों ने उन्हें यादगार विदाई दी। इस अवसर पर लोगों ने थानाधिकारी को घोड़ी पर बैठाकर सम्मानपूर्वक विदाई दी। समारोह के दौरान अमरनाथ जोगी ने घोड़ी पर बैठकर लोगों के साथ डांस भी किया, जिसका वीडियो और तस्वीरें आकर्षण का केंद्र रहीं।
विदाई समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। लोगों ने पुष्पमालाएं पहनाकर और साफा बांधकर उनका अभिनंदन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि अमरनाथ जोगी ने अपने कार्यकाल के दौरान सभी वर्गों, जातियों, सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और धार्मिक आयोजनों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा। उन्होंने निष्पक्ष और प्रभावी पुलिसिंग से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत की तथा अपराधियों में पुलिस का प्रभावी भय कायम रखा। लोगों का कहना था कि उनके कार्यकाल में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण देखने को मिला।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि अमरनाथ जोगी ने अपनी कार्यशैली, सहज व्यवहार और जनसहभागिता से आमजन का विश्वास जीता। इसी कारण उनके स्थानांतरण पर क्षेत्रवासियों ने उन्हें भावभीनी और सम्मानजनक विदाई दी।
इस दौरान लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे जहां भी पदस्थापित होंगे, वहां भी इसी तरह की जनहितैषी और प्रभावी पुलिसिंग का परिचय देंगे।