लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हमला, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
दो कैंपर में सवार होकर पहुंचे बदमाश, गेट तोड़ा, फायरिंग की और मचाया आतंक; राकेश मांझू समेत 10 लोगों पर मामला दर्ज
जोधपुर। जिले के मथानियां थाना क्षेत्र में शनिवार शाम दिनदहाड़े एक पत्थर कटिंग फैक्ट्री पर कथित हमले और फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि दो कैंपर वाहनों में सवार होकर पहुंचे बदमाशों ने फैक्ट्री पर धावा बोल दिया, मुख्य गेट तोड़कर अंदर घुसे, जमकर तोड़फोड़ की और फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। घटना फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने का दावा किया गया है।
हथियारबंद बदमाशों ने किया हमला
पुलिस को दी शिकायत में देदीपानाड़ा बेरू निवासी गणपतसिंह जाट ने आरोप लगाया कि शनिवार शाम करीब 5:30 बजे वह अपने साथियों के साथ फैक्ट्री में मौजूद थे। इसी दौरान राकेश मांझू अपने 9–10 साथियों के साथ दो कैंपर वाहनों में पहुंचा। आरोप है कि सभी के हाथों में लाठी, सरिये, लोहे के पाइप और अवैध हथियार थे तथा कई लोगों ने अपने चेहरे ढक रखे थे।
गणपतसिंह पर जानलेवा हमला
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने फैक्ट्री का मुख्य गेट तोड़कर जबरन प्रवेश किया, परिसर में खड़े वाहन को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया और गणपतसिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। जान बचाने के लिए गणपतसिंह एक कमरे में छिप गए। आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने उन पर फायरिंग की, जिससे फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि फैक्ट्री के कर्मचारी शेरू खान के साथ मारपीट की गई और जाते समय बदमाशों ने सभी को जान से मारने की धमकी दी।
घटना फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड
गणपतसिंह का कहना है कि पूरी घटना फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है और फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है। शिकायत में हत्या के प्रयास, फायरिंग, तोड़फोड़, आपराधिक अतिक्रमण, धमकी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, हथियार बरामद करने, सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
फिलहाल मथानियां थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।