लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
25.66 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा नया संपर्क पुल
जयपुर/पाली । पशुपालन, गोपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज एवं आपदा प्रबंधन सहायता राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने गुरुवार को पाली जिले में सुमेरपुर–शिवगंज संपर्क मार्ग पर जवाई नदी पर प्रस्तावित पुल के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। 25.66 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल सुमेरपुर को शिवगंज से जोड़ेगा और पाली तथा सिरोही जिलों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क कड़ी साबित होगा।
इस अवसर पर मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि पुल के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेशभर में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क, पुल और संपर्क मार्गों को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाई जा रही है।
दूरदर्शी निर्णय, पहले से बजट में स्वीकृति
मंत्री कुमावत ने बताया कि इस पुल के पुनर्निर्माण और ऊंचाई बढ़ाने की घोषणा बजट 2024-25 में पहले ही कर दी गई थी। वर्ष 2025 की बारिश के दौरान पुल के क्षतिग्रस्त होने से इसकी आवश्यकता और अधिक स्पष्ट हो गई। पूर्व में स्वीकृति होने के कारण अब इसका निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि यह पुल केवल सुमेरपुर–शिवगंज ही नहीं, बल्कि पाली और सिरोही जिलों के लोगों के लिए भी प्रमुख संपर्क मार्ग है। हालिया बारिश में पुल के पूरी तरह टूट जाने से दोनों जिलों का संपर्क कई दिनों तक बाधित रहा, जिससे आमजन, किसानों और व्यापारियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। नए पुल के निर्माण से कृषि उत्पादन, व्यापार, यातायात और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ और निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।
बरसात में यातायात समस्या से मिलेगा स्थायी समाधान
राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि जवाई नदी पर नए पुल के निर्माण से बरसात के दिनों में होने वाली यातायात समस्याओं से स्थायी राहत मिलेगी। इससे किसानों, पशुपालकों और आम नागरिकों को सीधा लाभ पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र को प्रमुख सड़कों से जोड़ेगा, जिससे व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी और सामाजिक-आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे उपस्थित
शिलान्यास कार्यक्रम में सिरोही जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी, पाली जिला दुग्ध संघ चेयरमैन प्रताप सिंह बिठिया, किसान संघर्ष समिति अध्यक्ष जयेंद्र सिंह गलथनी, जिला परिषद सदस्य परमा देवी मीना, तखतगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष ललित रांकावत, प्रधान ललिता कंवर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।