लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आमने-सामने की टक्कर की आशंका; पुलिस ने हाईवे अथॉरिटी को किया अलर्ट
पादूकलां (नागौर)। नागौर-अजमेर नेशनल हाईवे-58 पर पादूकलां के रियांबड़ी तिराहे के पास भारी जलभराव के कारण सड़क सुरक्षा पर गंभीर संकट पैदा हो गया है। बारिश के बाद हाईवे का एक हिस्सा जलमग्न हो जाने से अजमेर की ओर जाने वाले वाहनों को मजबूरन दूसरी लेन का उपयोग करना पड़ रहा है, जिससे आमने-सामने की टक्कर का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पादूकलां थानाधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया और हाईवे अथॉरिटी को तत्काल स्थिति से अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने दुर्घटना की आशंका को देखते हुए जल्द मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जलभराव के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन चालक असंतुलित हो रहे हैं। खासकर रात के समय और तेज रफ्तार वाहनों के कारण यह स्थान बेहद दुर्घटना संभावित बन गया है।
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने हाईवे अथॉरिटी से मांग की है कि प्रभावित हिस्से में तत्काल गड्ढों की मरम्मत, जल निकासी की समुचित व्यवस्था, चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।