लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
1.10 करोड़ रुपये की लागत से बना भवन, स्वास्थ्य सेवाओं की मॉनिटरिंग होगी और अधिक प्रभावी
बालोतरा। जिले की बायतू विधानसभा क्षेत्र के गिड़ा मुख्यालय पर शनिवार को नवनिर्मित ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (बीसीएमओ) कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। राजस्थान सरकार के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर भवन का उद्घाटन किया।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती
प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि वर्ष 2023 में गिड़ा में नए बीसीएमओ कार्यालय की स्वीकृति मिली थी। तब तक इसका संचालन अस्थायी रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से किया जा रहा था। अब करीब 1.10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक कार्यालय भवन के शुरू होने से चिकित्सा अधिकारियों एवं प्रशासनिक कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा। साथ ही ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की मॉनिटरिंग और प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आएगी।
उन्होंने बताया कि इस कार्यालय के अंतर्गत 2 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), 8 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) तथा 43 उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। नए भवन के संचालन से सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आमजन तक अधिक प्रभावी और समयबद्ध तरीके से पहुंच सकेगा।
दो नए उप स्वास्थ्य केंद्रों का भी उद्घाटन
प्रभारी मंत्री ने सिमाणियों की ढाणी और जगराम की ढाणी में नव निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों का भी लोकार्पण किया। बीसीएमओ डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों भवनों का निर्माण लगभग 55-55 लाख रुपये की लागत से किया गया है। पिछले करीब तीन वर्षों से इन दोनों स्वास्थ्य उप केंद्रों का संचालन संबंधित गांवों के आंगनबाड़ी केंद्रों से किया जा रहा था।
हर गांव तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार का लक्ष्य
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गिड़ा में बीसीएमओ कार्यालय शुरू होने से पूरे बायतू और गिड़ा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर संचालन और निगरानी संभव होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार चिकित्सा, शिक्षा और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रयास है कि ग्रामीणों को इलाज या स्वास्थ्य संबंधी प्रशासनिक कार्यों के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और अधिकांश सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हों।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष भरत मोदी, जिला महामंत्री चनणाराम बेरड़ एवं बालाराम बावरी, प्रधान प्रतिनिधि जोगेंद्र प्रजापत, भाजपा नेता बालाराम मूंड, भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गोविंद सिंह, मंडल अध्यक्ष देवाराम मूंड, प्रजापति समाज के जिलाध्यक्ष चम्पालाल गोयल, एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रहलाद मेघवाल, प्रशासक जसू कंवर, पूर्व मंडल अध्यक्ष गेनाराम प्रजापत, मंडल अध्यक्ष सवाई सिंह भाटी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिथियों का साफा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।