लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। जिले के उच्चैन थाना क्षेत्र के चक सहना गांव में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक भतीजे ने कथित रूप से अपने ताऊ को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को परिजन और ग्रामीण तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उच्चैन लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक साहब सिंह मीणा और उनके भतीजे अनिल कुमार मीणा के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद अनिल कुमार ने कथित रूप से तमंचे से फायर कर दिया। गोली लगते ही साहब सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उच्चैन पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक सुरेश कुड़ी और उच्चैन थाना प्रभारी अवतार सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक एवं घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद आरोपी भतीजा फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के कारणों और परिस्थितियों का पूरा खुलासा हो सकेगा।