Home latest गौ माता आश्रय स्थल स्थापित किए जाएंगे — मंत्री मदन दिलावर

गौ माता आश्रय स्थल स्थापित किए जाएंगे — मंत्री मदन दिलावर

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क


जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) राजस्थान में साझा संसाधनों (चारागाह, जल स्रोत, वन, वेटलैंड्स आदि) के संरक्षण और बेहतर उपयोग को लेकर आयोजित “राजस्थान शामलात अधिवेशन 2026” का शुभारंभ जयपुर स्थित इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान में हुआ।

“Shaping our Prosperity with Commons” विषय पर आधारित इस अधिवेशन का उद्घाटन पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चारागाह, जल स्रोत, वन और अन्य साझा संसाधन ग्रामीण आजीविका और पर्यावरण संतुलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए इनके संरक्षण और प्रभावी प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

गौ माता आश्रय स्थल स्थापित किए जाएंगे
मंत्री दिलावर ने बताया कि राज्य सरकार निराश्रित गौवंश के संरक्षण के लिए बड़ा कदम उठा रही है। इसके तहत राज्य की 457 पंचायत समितियों की एक-एक ग्राम पंचायत में पंडित दीनदयाल उपाध्याय चारागाह विकास आधारित गौ माता आश्रय स्थल स्थापित किए जाएंगे।

इन आश्रय स्थलों पर जल संरक्षण, पानी की पक्की खेल, वृक्षारोपण, चारागाह विकास, चारा भंडारण तथा कंपोस्ट खाद उत्पादन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे गौवंश को प्राकृतिक वातावरण में बेहतर सुविधा मिलेगी, साथ ही भूजल स्तर में सुधार और किसानों को जैविक खाद उपलब्ध हो सकेगी।

बीज बैंक से बढ़ेगा चारागाह विकास और रोजगार
मंत्री ने बताया कि गोचर एवं औरण भूमि के विकास और देशी वृक्षों व घास-चारे को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 150 बीज बैंक स्थापित किए गए हैं, जिन्हें बढ़ाकर 300 तक करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे लुप्त होती वनस्पतियों और स्थानीय बीजों का संरक्षण होगा तथा रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

इस अवसर पर इंदिरा गांधी पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास संस्थान के महानिदेशक नीरज के. पवन (आईएएस) ने कहा कि ग्राम पंचायतें साझा संसाधनों की सबसे बड़ी संरक्षक बन सकती हैं।

स्थानीय समुदायों का सम्मान एवं पुस्तक विमोचन
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए समुदायों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही “शामलात की गाथा” पुस्तक का विमोचन एवं शामलात आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया गया।

दो दिवसीय इस अधिवेशन में अधिकारी, विशेषज्ञ, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, पंचायत प्रतिनिधि, महिलाएं एवं युवा बड़ी संख्या में भाग ले रहे हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version