लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
43 प्रतिभाओं का होगा सम्मान
रिपोर्ट: गंगधार, झालावाड़
गंगधार। झालावाड़ जिले के गंगधार उपखंड मुख्यालय पर 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह राजकीय सीनियर हायर सेकेंडरी विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया जाएगा। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 43 अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी और प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
उपखंड प्रशासन की ओर से आयोजित इस समारोह में पुलिस विभाग, स्वास्थ्य सेवाओं, पत्रकारिता और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को उपखंड अधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
पुलिस विभाग से दिलीप कुमार, धर्मराज और देवचंद कांस्टेबल को सम्मानित किया जाएगा। वहीं पत्रकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नितेश कुमार और सीताराम को सम्मान से नवाजा जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग से कोटा संभाग का नाम रोशन करने वाले डग ब्लॉक के बीसीएमओ डॉ. राजकुमार वाघेला को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सीएचसी चौमहला के प्रहलाद प्रजापति और उर्मिला पंथी को भी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान प्रदान किया जाएगा।
डॉ. राजकुमार वाघेला के सम्मानित होने की खबर से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे गंगधार और डग क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है। लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उनके योगदान को मिला यह सम्मान अन्य कर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर विद्यालय परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को भव्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
