Home latest भुवनेश्वर में आज प्रवासी राजस्थानी मीट, निवेश के नए अवसरों पर होगा...

भुवनेश्वर में आज प्रवासी राजस्थानी मीट, निवेश के नए अवसरों पर होगा मंथन

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

एसीएस शिखर अग्रवाल के नेतृत्व में राजस्थान सरकार का प्रतिनिधिमंडल, प्रवासी समुदाय और उद्योग जगत से करेगा संवाद

जयपुर। राजस्थान सरकार देश के अलग-अलग हिस्सों में बसे प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश की विकास यात्रा से जोड़ने और राज्य में निवेश की संभावनाओं को विस्तार देने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में मंगलवार, 15 सितम्बर को भुवनेश्वर के होटल मेफेयर में ‘प्रवासी राजस्थानी मीट’ का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम का नेतृत्व अतिरिक्त मुख्य सचिव, उद्योग एवं वाणिज्य तथा डीओआरए शिखर अग्रवाल करेंगे। मीट में प्रवासी राजस्थानियों के साथ संवाद के अलावा उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधियों के साथ राजस्थान में निवेश, कारोबारी सहयोग और आर्थिक साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
राजस्थान में निवेश के अवसरों पर होगा प्रस्तुतीकरण
भुवनेश्वर की यह मीट राजस्थान सरकार के उस व्यापक अभियान का हिस्सा है, जिसके माध्यम से देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों को राज्य के विकास से जोड़ा जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि प्रवासी समुदाय अपने अनुभव, संसाधनों, नेटवर्क और कारोबारी क्षमताओं के माध्यम से राजस्थान की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति में भागीदार बने।
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान में उपलब्ध औद्योगिक निवेश के अवसर, नीतिगत सुविधाएं और विभिन्न क्षेत्रों में संभावित साझेदारी को लेकर प्रस्तुतीकरण भी दिया जाएगा।
ओडिशा के बड़े उद्योग समूहों से भी होगा संवाद
प्रवासी राजस्थानी मीट के बाद शिखर अग्रवाल के नेतृत्व में राजस्थान सरकार का प्रतिनिधिमंडल ओडिशा के प्रमुख उद्योग समूहों और व्यावसायिक प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेगा।
बैठकों में विशेष रूप से खनन एवं खनिज आधारित उद्योग, धातु एवं धातु प्रसंस्करण, हरित ऊर्जा, वस्त्र एवं परिधान, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे क्षेत्रों पर फोकस रहेगा। इन क्षेत्रों में राजस्थान में निवेश की संभावनाओं के साथ-साथ तकनीकी सहयोग और व्यावसायिक साझेदारी के नए रास्तों पर चर्चा की जाएगी।
सरकार का उद्देश्य ओडिशा के उद्योग जगत को राजस्थान की निवेश क्षमता से परिचित कराते हुए प्रदेश में नए निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं को आकर्षित करना है।
वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल रहेगा मौजूद
शिखर अग्रवाल के नेतृत्व वाले राजस्थान सरकार के प्रतिनिधिमंडल में विशेष सचिव, डीओआरए एवं आयुक्त राजस्थान फाउंडेशन डॉ. मनीषा अरोड़ा सहित राजस्थान फाउंडेशन, बीआईपी, रीको तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
सीआईआई निभाएगा इंडस्ट्री पार्टनर की भूमिका
प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 के लिए कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में सहभागी है। मंगलवार को होने वाले रोडशो में उद्योग जगत की ओर से सीआईआई ओडिशा राज्य परिषद के अध्यक्ष एवं जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह तथा वेदांता एल्युमिनियम मेटल लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सीआईआई ओडिशा के पूर्व अध्यक्ष सी. चंद्र प्रतिनिधित्व करेंगे।
10 दिसंबर को मनाया जाता है प्रवासी राजस्थानी दिवस
राजस्थान सरकार ने प्रवासी राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने के उद्देश्य से पिछले वर्ष से 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थानी दिवस मनाने की पहल शुरू की है। इसका प्रमुख उद्देश्य दुनिया और देश के विभिन्न हिस्सों में बसे राजस्थानियों के साथ निरंतर संवाद कायम करना और उन्हें राजस्थान के विकास में सक्रिय भागीदार बनाना है।
वर्ष 2025 में जयपुर में आयोजित प्रथम प्रवासी राजस्थानी दिवस को व्यापक सफलता मिली थी। इसके बाद सरकार ने इस पहल का विस्तार करते हुए देश के विभिन्न शहरों में प्रवासी राजस्थानियों, निवेशकों और उद्योग जगत के साथ संवाद कार्यक्रम शुरू किए हैं।
‘कनेक्ट, कोलैबोरेट एंड कॉन्ट्रिब्यूट’ पर जोर
सरकार की इस पहल को ‘कनेक्ट, कोलैबोरेट एंड कॉन्ट्रिब्यूट’ की भावना के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। भुवनेश्वर का कार्यक्रम इसी अभियान की अगली कड़ी है, जहां प्रवासी राजस्थानियों और उद्योग जगत को राजस्थान की विकास संभावनाओं से जोड़ने के साथ निवेश और साझेदारी के नए अवसर तलाशे जाएंगे।
भुवनेश्वर में होने वाली यह मीट राजस्थान और ओडिशा के बीच औद्योगिक एवं कारोबारी सहयोग को मजबूत करने तथा प्रवासी राजस्थानियों की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version