लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर (मनजीत सिंह)। जिले की रावला मंडी में वेयरहाउस के पास स्थित एक मकान में गैस लीकेज के कारण भीषण धमाका हो गया। हादसे में जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन मकान को भारी नुकसान पहुंचा और घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार गांव 9 पीएसडी निवासी हंसराज पुत्र कशी राम चाय बनाने के लिए कमरे में गया था। बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर का रेगुलेटर खुला रह जाने से कमरे में गैस भर गई थी। जैसे ही माचिस जलाई गई, जोरदार धमाका हुआ और आग भड़क उठी। 
धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान की एक दीवार गिर गई, कमरे में दरारें पड़ गईं और लोहे का दरवाजा करीब 50 फीट दूर जा गिरा। आग में घर का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया।
हादसे में हंसराज झुलस गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने गैस सिलेंडर के उपयोग में सावधानी बरतने की अपील की है।