लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विद्यालय परिसर व आसपास के क्षेत्रों में सफाई और जागरूकता गतिविधियाँ संपन्न
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
उपखंड क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अलीगढ़ में दो दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की शुरुआत प्रधानाचार्य संजय महावर ने क्यारी में कुदाल चलाकर की।
प्रधानाचार्य महावर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि एनएसएस कार्यक्रम भारत सरकार द्वारा वर्ष 1969 में शुरू किया गया था, जिसका उद्देश्य युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, सामुदायिक सेवा और समाज के प्रति जागरूकता का भाव विकसित करना है। उन्होंने कहा कि एनएसएस छात्रों को नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और नागरिक दायित्व जैसे महत्वपूर्ण कौशल सीखने का अवसर प्रदान करता है, जिससे वे अपने समुदाय की समस्याओं को समझकर उनके समाधान हेतु कार्य कर सकें।
शिविर में हुई स्वच्छता व जागरूकता गतिविधियाँ
शिविर प्रभारी कमलेश कुमार ने जानकारी दी कि दो दिवसीय शिविर के दौरान तहसील के सामने स्थित बास्केटबॉल मैदान तथा विद्यालय परिसर के कबड्डी ग्राउंड की घास काटकर साफ-सफाई की गई। साथ ही पेड़ों की समुचित छंटाई भी की गई।
इसके अलावा माली मोहल्ले में स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा बालिकाओं द्वारा बागर मोहल्ले में स्वास्थ्य जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें लोगों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
दो दिवसीय शिविर में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज सेवा का संदेश दिया।