रियाँबड़ी (नागौर) युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूती मिली
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
राकेश शर्मा
रियाँबड़ी उपखंड क्षेत्र के थांवला कस्बे में वीर सैनिकों के सम्मान में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। यह आयोजन जनमानस में देशभक्ति की भावना को जागृत करने और राष्ट्ररक्षा में लगे जवानों के प्रति सम्मान प्रकट करने के उद्देश्य से किया गया। रैली की शुरुआत कस्बे के बस स्टैंड स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, थांवला के खेल मैदान से हुई, जो कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए वापस राजकीय विद्यालय तक पहुंची। रैली में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिला मंडलों और वरिष्ठ नागरिकों नेउत्साहपूर्वक भाग लिया।
सभी ने हाथों में तिरंगा थामे ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे नारों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। रैली के दौरान डीजे पर गूंजते देशभक्ति के तराने पूरे माहौल को जोश से भर रहे थे। इस आयोजन में कस्बे सहित आस-पास के गांवों से आए गणमान्य नागरिक, भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के सदस्य भी मौजूद रहे। तिरंगा रैली ने न सिर्फ सैनिकों के त्याग को सलामी दी, बल्कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को भी मजबूती प्रदान की।