लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पुलिस को कार्रवाई के निर्देश
उनियारा। उनियारा पुलिस थाने में गुरुवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव की अध्यक्षता में कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (सीएलजी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शहर में बढ़ती नशे की गतिविधियों, अवैध शराब बिक्री, यातायात अव्यवस्था, पुलिस गश्त और परिवादों के त्वरित निस्तारण सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। सीएलजी सदस्यों ने पुलिस प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
बैठक में सीएलजी सदस्य शंकरलाल ठाडा, पंछी पटवा, ओंकार सिंह और मनोज शर्मा ने बताया कि गलवा धाम क्षेत्र में स्मैक और गांजा पीने वाले युवकों का जमावड़ा लगा रहता है तथा नशा बेचने वाले भी सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्र में नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है।
सुरेश कुमावत और शंकरलाल ठाडा ने भुक्तेश्वर गेट स्थित भुक्तेश्वर महादेव मंदिर के पास अवैध शराब और मांसाहारी खाद्य सामग्री की बिक्री का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि श्रावण माह में मंदिर में देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है, ऐसे में इस प्रकार की गतिविधियां धार्मिक माहौल को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पूर्व पालिका अध्यक्ष राकेश बढ़ाया ने बस स्टैंड की बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर चिंता जताते हुए सड़क किनारे फल एवं सब्जी विक्रेताओं के ठेलों को व्यवस्थित कराने तथा बस स्टैंड पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उपलब्ध दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी अधिकतर हाईवे पर ड्यूटी में व्यस्त रहते हैं, जिससे शहर के मुख्य बाजार में यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
सीएलजी सदस्य घासी जैन ने शहर में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। वहीं किशन खिंची ने पुलिस थाने के बाहर वर्तमान अधिकारियों के नाम प्रदर्शित करने, बस स्टैंड, सदर बाजार और न्यू मार्केट में अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण तथा नाबालिगों द्वारा तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता जताई।
बैठक में राकेश बढ़ाया ने थाने में आने वाले परिवादों के शीघ्र निस्तारण पर भी जोर देते हुए कहा कि कई मामलों में लोगों को 10-10 दिन तक कार्रवाई का इंतजार करना पड़ता है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव ने थाना प्रभारी को नियमित गश्त बढ़ाने, अवैध शराब एवं नशे के कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा सीएलजी सदस्यों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएसपी अशोक कुमार, थाना प्रभारी ओमकवर, एएसआई रतनलाल मीणा सहित सीएलजी सदस्य और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।