लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
भजनलाल सरकार के कार्यों पर अंता में प्रेसवार्ता, प्रदेश अध्यक्ष ने रखा डेढ़ साल का रिपोर्ट कार्ड
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क, जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शनिवार को अंता प्रवास के दौरान प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार के 18 महीनों का कार्यकाल जनसेवा, सुशासन और विकास का स्वर्णिम अध्याय साबित हुआ है। भाजपा सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवाओं के हित में ऐतिहासिक निर्णय लेकर विकास की नई मिसाल कायम की है।
राठौड़ ने बताया कि भाजपा सरकार ने खाद्य सुरक्षा योजना में 65 लाख नए लाभार्थियों को जोड़ा, लाडो प्रोत्साहन योजना में आर्थिक सहायता राशि बढ़ाई, और अन्नपूर्णा रसोई की गुणवत्ता में सुधार किया। 36,140 किमी सड़कों का निर्माण, 71 नए महाविद्यालयों की स्थापना और 91,000 युवाओं को सरकारी नौकरियाँ देना सरकार की उपलब्धियों का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि किसानों के लिए राम जलसेतु लिंक परियोजना और यमुना जल उपयोग समझौता राज्य के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में 11 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
पूर्व गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए राठौड़ ने कहा कि “पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पाँच वर्ष तक सत्ता बचाने में व्यस्त रहे, जबकि जनता के विकास कार्य ठप पड़े रहे। ईआरसीपी जैसी परियोजना को रोकना प्रदेश के साथ अन्याय था।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी रही है, जबकि भाजपा जनसेवा और पारदर्शिता के मार्ग पर अग्रसर है। भाजपा सरकार पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है।
सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि अंता क्षेत्र की जनता भाजपा प्रत्याशी को समर्थन दे रही है और कमल खिलाने का संकल्प ले चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अकावद सिंचाई परियोजना को गति दी है और इसका द्वितीय चरण भी भाजपा शासन में ही पूरा होगा।
प्रेसवार्ता में सांसद दुष्यंत सिंह, जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, प्रदेश मंत्री महेन्द्र कुमावत, प्रवक्ता लक्ष्मीकांत पारीक सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।