लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कहा- विकसित भारत के संकल्प को मिलेगी नई गति
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा घोषित नई राष्ट्रीय टीम के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को भाजपा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मदन राठौड़ ने कहा कि संगठन को और अधिक सशक्त तथा व्यापक बनाने के उद्देश्य से की गई ये नियुक्तियां भारतीय जनता पार्टी को नई ऊर्जा प्रदान करेंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को साकार करने में नई राष्ट्रीय टीम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अनुभव और संगठन कौशल का संगम
प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा गठित नई टीम अनुभव, समर्पण और संगठनात्मक दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण है। सभी पदाधिकारी पार्टी की विचारधारा और संगठन के मूल मंत्र ‘राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि और अंत्योदय’ की भावना के साथ कार्य करते हुए भाजपा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि नवनियुक्त पदाधिकारियों के अनुभव का लाभ पूरे देश के साथ-साथ राजस्थान के कार्यकर्ताओं को भी मिलेगा, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।
बूथ स्तर तक पहुंचेगा विकसित भारत का विजन
मदन राठौड़ ने कहा कि नई राष्ट्रीय टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के विजन को बूथ स्तर से लेकर जन-जन तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने भाजपा राजस्थान परिवार की ओर से सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की मंगलकामनाएं करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा।
