लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)।
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में सोमवार को उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कार्यकर्ता सुनवाई का शुभारंभ किया और मीडिया को इस बाबत जानकारी दी।
डॉ. बैरवा ने बताया कि यह पहल मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से कार्यकर्ताओं की समस्याओं का त्वरित और नियम सम्मत समाधान सुनिश्चित करने के लिए की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव, ढाणी और शहरों में जनता के बीच रहते हैं और अब वे अपनी समस्याओं को सीधे सुनवाई में लाकर समाधान प्राप्त कर सकेंगे। पहले दिन ऊर्जा मंत्री के साथ 30 से अधिक शिकायतें सुनी गईं, जिनमें कई मामलों का तुरंत निस्तारण कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों को विभागों को पत्र भेजकर नियमानुसार कार्रवाई के लिए भेजा गया।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि सरकार ऊर्जा क्षेत्र में बड़े लक्ष्यों के साथ कार्य कर रही है। 1.5 लाख से अधिक कृषि कनेक्शन जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। जिन जीएसएस पर पर्याप्त सोलर प्लांट स्थापित हैं, वहां उपलब्ध क्षमता के अनुसार कृषि कनेक्शन शीघ्र जारी किए जाएंगे। प्रदेश में स्मार्ट मीटर भी तेजी से लगाए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर बिल उपलब्ध होगा और अनियमितताओं पर नियंत्रण रहेगा।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने बताया कि कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं। सप्ताह में सोमवार, मंगलवार और बुधवार को दो मंत्री कार्यकर्ता सुनवाई करेंगे। प्राप्त शिकायतों को संबंधित मंत्री को भेजा जाएगा और कार्यकर्ता की अनुशंसा पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।