Home crime बजरी माफिया के हौसले बुलंद, दो भाइयों पर जानलेवा हमला

बजरी माफिया के हौसले बुलंद, दो भाइयों पर जानलेवा हमला

0
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बाड़मेर | समदड़ी – (प्रेम  सोनी )समदड़ी क्षेत्र में अवैध बजरी खनन के खिलाफ पुलिस व माइनिंग विभाग की कार्यवाही के बावजूद बजरी माफियाओं के हौसले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। माफिया बेखौफ होकर न सिर्फ अवैध खनन कर रहे हैं, बल्कि विरोध करने वालों पर जानलेवा हमले भी कर रहे हैं।
कल देर शाम जेठन्तरी गांव हॉट के पास दुकान बंद कर घर लौट रहे महेंद्र विश्नोई और उसके भाई  पर अवैध बजरी माफिया दिलीप सिंह, सम्भू सिंह, जीतू सिंह (तीनों जाति राजपूत, निवासी जेठन्तरी) व मोहन राम मीणा (निवासी खारवा) ने एक राय होकर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में महेंद्र विश्नोई के सिर में गंभीर चोट लगी और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही समदड़ी पुलिस के सीआई नरपत दान चारण मौके पर पहुंचे और घायल महेंद्र विश्नोई व उसके भाई को समदड़ी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि लुणी नदी क्षेत्र की तलहटी में जेठन्तरी गांव के आसपास धड़ल्ले से अवैध बजरी का कारोबार चल रहा है। पुलिस की कार्यवाही के बाद भी माफिया बेखौफ हैं और आए दिन आम लोगों पर हमला कर दहशत फैलाते रहते हैं।
कल रात अवैध बजरी माफियाओं ने दो युवकों को निशाना बनाया। घायल युवकों ने समदड़ी थाने में बजरी माफियाओं के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया है।
सवाल यह है कि आखिर अवैध बजरी माफियाओं को पुलिस और माइनिंग विभाग का जरा भी डर क्यों नहीं? कब रुकेगा यह आतंक और कब मिलेगी आम लोगों को सुरक्षा?

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version