Home latest अतिवृष्टि से फसल खराबे पर किसानों को राहत देने की तैयारी

अतिवृष्टि से फसल खराबे पर किसानों को राहत देने की तैयारी

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

रियाँबड़ी (नागौर) |

रियाँबड़ी उपखंड क्षेत्र में हुई बेमौसम बारिश और अतिवृष्टि से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसको लेकर किसानों को राहत देने की योजना पर चर्चा के लिए मंगलवार को पंचायत समिति सभागार में उपखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी सूर्यकान्त शर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में लक्ष्मणराम कलरू (विधायक, मेड़ता) मौजूद रहे।


खेतों का निरीक्षण और राहत कार्यों के निर्देश

विधायक कलरू और एसडीएम शर्मा ने अतिवृष्टि से प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को शीघ्र मुआवजे की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि राजस्थान सरकार की मंशा के अनुरूप किसानों को राहत देने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

उन्होंने बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों को सख्त निर्देश दिए कि सर्वे के दौरान स्थानीय सरपंच या उनके प्रतिनिधि को साथ लेकर रिपोर्ट तैयार की जाए और किसानों से हस्ताक्षर लेकर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। एसडीएम शर्मा ने राजस्व कर्मचारियों और कृषि पर्यवेक्षकों को राहत कार्यों में लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।


बीमा कंपनियों की लापरवाही पर नाराजगी

बैठक में किसानों ने बीमा कंपनियों के कर्मचारियों की लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई। इस पर विधायक ने बीमा प्रतिनिधियों को फटकार लगाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी और पारदर्शी सर्वे के लिए स्थानीय स्तर पर एक कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया।


बैठक में शामिल रहे अधिकारी और जनप्रतिनिधि

बैठक में तहसीलदार रणवीर सिंह, बीमा कंपनी के प्रतिनिधि, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष मदनलाल गौरा, उप जिला प्रमुख शोभाराम जयपाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष भंवर सिंह राठौड़, जसनगर मंडल अध्यक्ष राकेश टाक, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेंद्र नाथ योगी, सरपंच श्याम सुंदर तिवारी, पार्षद बनवारी लाल खंडेलवाल सहित कृषि पर्यवेक्षक, भू निरीक्षक और पटवारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version