लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा | सत्यप्रकाश मयंक
उनियारा | भारतीय जनता पार्टी शहर मंडल उनियारा द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर लाल ठाडा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार भारत के प्रधानमंत्री रहे। वे जनसंघ के संस्थापक सदस्य, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रखर वक्ता एवं कुशल राजनेता थे।
उन्होंने कहा कि अटल जी पोखरण परमाणु परीक्षण, कारगिल युद्ध में विजय, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, दिल्ली मेट्रो जैसे ऐतिहासिक और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों के लिए सदैव स्मरणीय रहेंगे। देश के प्रति उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
सुशासन का अर्थ पारदर्शी और संवेदनशील शासन
भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष ममता साहू ने कहा कि आज पूरा देश सुशासन दिवस मना रहा है, जो अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और आदर्शों को समर्पित है।
उन्होंने कहा कि सुशासन का अर्थ पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकल्याणकारी संवेदनशील सरकार से है। जब सरकार की नीतियां ईमानदारी से आम नागरिक तक पहुंचती हैं, तभी सच्चा विकास संभव होता है।
सुशासन से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगता है और समाज में विश्वास बढ़ता है। अटल जी की प्रेरणा से आज केंद्र एवं राज्य सरकारें कार्य कर रही हैं और भारत विकास के साथ विश्वगुरु बनने की दिशा में अग्रसर है।
कार्यकर्ताओं का किया गया सम्मान
कार्यक्रम में शहर मंडल महामंत्री मनोज शर्मा द्वारा उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर महेश खंडेलवाल, मंडल मंत्री उम्मेद सिंह, आशाराम चौधरी, मीडिया प्रभारी रमेश जांगिड़, आत्माराम, कान्हाराम सैनी, गिर्राज गुर्जर, नारायण गुर्जर, आशाराम सैनी (फौजी) सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।