Home latest अरावली पूजन के साथ ‘अरावली बचाओ आंदोलन’ शुरु

अरावली पूजन के साथ ‘अरावली बचाओ आंदोलन’ शुरु

0
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
 नींदड की पहाड़ियों से उठा संरक्षण का संकल्प
जयपुर। अरावली पर्वतमाला के संरक्षण को लेकर चल रही मुहिम में अब जन सहभागिता तेज़ होती नजर आ रही है। इसी क्रम में जन समस्या मंच, जयपुर की ओर से नींदड क्षेत्र की अरावली पहाड़ियों पर एक अनूठे जन आंदोलन की शुरुआत की गई।
मंच के कार्यकर्ताओं ने सूरज सोनी के नेतृत्व में पहाड़ी की चोटी पर स्थित प्राकृतिक स्थल पर पहुंचकर अरावली पर्वत का विधिवत पूजन किया। इस अवसर पर मेहंदीपुर बालाजी धाम के पुजारी बनवारी लाल शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पूजन उपरांत पीपल, करंज और नीम के एक दर्जन से अधिक पौधों का रोपण किया गया। लगभग 150 फीट ऊंचाई पर आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे अरावली की सुरक्षा, हरियाली और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए निरंतर संघर्ष करेंगे।
सूरज सोनी ने कहा कि अरावली केवल पहाड़ नहीं, बल्कि राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर की जल सुरक्षा, जलवायु संतुलन और जैव विविधता की रीढ़ है।
उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक अध्ययनों के अनुसार अरावली क्षेत्र में भूजल रिचार्ज क्षमता लगातार घट रही है, जिसका प्रमुख कारण खनन और अतिक्रमण है। यदि समय रहते संरक्षण नहीं किया गया, तो आने वाले वर्षों में जल संकट और वायु प्रदूषण और अधिक गहराएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आंदोलन के अगले चरण में मानव श्रृंखला, नुक्कड़ नाटक, जन संवाद और ग्राम स्तरीय जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, ताकि अरावली संरक्षण की यह मुहिम एक व्यापक जन आंदोलन का रूप ले सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version