लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर | नितिन मेहरा
अजमेर जिले में अवैध एलपीजी गैस कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। संयुक्त कार्रवाई जिला रसद विभाग और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने गंज थाना क्षेत्र में की। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ के निर्देश पर रसद विभाग की प्रवर्तन टीम और डीएसटी ने फव्वारा चौराहा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका। डीएसटी प्रभारी शंकर सिंह रावत के नेतृत्व में वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 50 कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर लोड मिले।
वाहन में सवार हर्षित और अशोक से सिलेंडरों के परिवहन एवं बिक्री संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध लाइसेंस, अनुमति पत्र या अन्य आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
वाहन समेत सिलेंडर जब्त
प्राथमिक जांच में परिवहन नियमों और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर टीम ने पिकअप वाहन सहित सभी 50 कमर्शियल सिलेंडर जब्त कर लिए। इसके बाद प्रवर्तन अधिकारी मीनू डेंचरवाल और प्रवर्तन निरीक्षक मुकेश बुगालिया मौके पर पहुंचे और मामले की विस्तृत जांच की।
आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज
जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 तथा एलपीजी नियंत्रण आदेश के तहत गंज थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
बड़ा हादसा टला
अधिकारियों के अनुसार सिलेंडरों का परिवहन बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों के किया जा रहा था, जिससे किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता था। प्रशासन का मानना है कि समय रहते कार्रवाई होने से संभावित खतरे को टाल दिया गया।
अवैध गैस कारोबार पर सख्ती
रसद विभाग ने स्पष्ट किया है कि घरेलू और कमर्शियल गैस की अवैध रीफिलिंग, जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
