लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
अजमेर से संवाददाता : नितिन मेहरा
अजमेर – अजमेर के बोराज तालाब की पाल टूटने से उत्पन्न जलभराव के बाद जिले की प्रभारी मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने स्वयं प्रभावित क्षेत्र में जाकर राहत कार्यों का जायजा लिया। वे करीब एक किलोमीटर तक पैदल चलकर स्वास्तिक नगर, कॉलोनियों, खेतों और आसपास के इलाकों में पहुँचीं और पीड़ितों से मिलकर उनकी समस्याएँ सुनीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को जल्द मदद का भरोसा दिलाया और नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया।
उपमुख्यमंत्री ने कई घरों के भीतर जाकर क्षति का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सर्वे के आधार पर प्रत्येक पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता प्रदान की जाएगी।
स्वास्तिक नगर में हुई क्षति का निरीक्षण करने के दौरान जिला कलक्टर लोकबंधु, पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा, एडीए व नगर निगम के अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि “गुरुवार रात्रि से ही प्रशासन द्वारा राहत कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जलभराव वाले क्षेत्रों से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर भोजन, पानी, दवा और ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रशासन द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।”
उपमुख्यमंत्री ने जल निकासी के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित करने, तालाब की पाल के पुनर्निर्माण और भविष्य में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए पुख्ता जल निकासी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “वर्षा के बाद तालाब की पाल की मरम्मत कराई जाएगी और प्रभावितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी है।”
उन्होंने यह भी कहा कि “पूरे राजस्थान में इस बार अप्रत्याशित बारिश हुई है। इसे देखते हुए शहरों के ड्रेनेज सिस्टम को चरणबद्ध तरीके से सुदृढ़ किया जाएगा। अजमेर प्रशासन की तत्परता से कार्यवाही के चलते बड़ी जनहानि से बचा जा सका।”
इस दौरान देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओम प्रकाश भड़ाणा, अध्यक्ष रमेश सोनी, नगर निगम महापौर ब्रजलता हाड़ा, उपमहापौर नीरज जैन, जिला कलक्टर लोकबंधु, पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा, अजमेर विकास प्राधिकरण आयुक्त नित्य के., नगर निगम आयुक्त देशल दान, उपखंड अधिकारी गरिमा नरूला सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।