लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भव्य यूनिटी मार्च
युवाओं ने तिरंगों और देशभक्ति नारों के साथ दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश, शहरभर में हुआ स्वागत
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर माय भारत एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ रविवार को अजमेर में ऐतिहासिक उत्साह के साथ निकाला गया। यह मार्च टोरेंटो समारोह स्थल, भगवानगंज से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पटेल मैदान में सम्पन्न हुआ।
मार्च के प्रारंभ में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी और विशिष्ट अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री (कृषि एवं किसान कल्याण) व अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी मौजूद रहे। साथ ही कैबिनेट मंत्री एवं देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा, विधायक अजमेर दक्षिण अनिता भदेल, नगर निगम उपमहापौर नीरज जैन, सरदार@150 यूनिटी मार्च संभाग इंचार्ज नटवर, जिला स्तरीय अभियान इंचार्ज एवं भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, संयोजक वेदप्रकाश दाधीच, सहसंयोजक अंकित गुर्जर और दीपक लालवानी भी उपस्थित रहे।
देशभक्ति नारों से गुंजायमान हुआ शहर
केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने हरी झंडी दिखाकर यूनिटी मार्च को रवाना किया। सरदार पटेल की आदमकद प्रतिमा वाले रथ, डी.जे. पर बजते देशभक्ति गीतों और तिरंगों की लहराती कतारों के साथ युवा “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारे लगाते आगे बढ़े।
मार्च टोरेंटो स्थल से अलवर गेट, मार्टिन्डेल ब्रिज, दयानंद मार्ग, केसरगंज, क्लॉक टावर थाना, गांधी भवन होते हुए पटेल मैदान पहुँचा। रास्तेभर नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर प्रतिभागियों का भव्य स्वागत किया।
नेताओं ने सरदार पटेल के विचारों को बताया आज भी प्रासंगिक
समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि सरदार पटेल के नेतृत्व, साहस और दूरदृष्टि ने भारत को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि सरदार पटेल के प्रयासों के कारण ही देश की 565 रियासतें एकजुट हो सकीं। उन्होंने इस मार्च को राष्ट्र निर्माण का अभियान बताया, जो युवाओं में राष्ट्रीय गौरव और जिम्मेदारी का भाव जगाता है।
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश भडाणा ने इसे देशभक्ति और जनजागरण का प्रतीक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनभागीदारी आधारित राष्ट्र निर्माण के विजन से यह कार्यक्रम प्रेरित है।
विधायक अनिता भदेल ने कहा कि सरदार पटेल का कूटनीतिक कौशल और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने उनके ‘एकीकृत भारत’ के दृष्टिकोण को प्रधानमंत्री मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ मिशन से जोड़ते हुए युवाओं को सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया।
युवाओं ने ली नशामुक्त भारत की शपथ
यूनिटी मार्च में मौजूद युवाओं को आत्मनिर्भर भारत, राष्ट्र निर्माण, और नशा मुक्त भारत के लिए प्रतिज्ञा दिलाई गई। युवाओं ने तंबाकू व नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने का संकल्प लिया।