लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
AIGETOA राजस्थान टीम की निदेशक (CM) BSNL बोर्ड से बैठक, 4G प्रगति और कर्मचारी हितों पर चर्चा
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। अखिल भारतीय ग्रेजुएट इंजीनियर्स एंड टेलीकॉम ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIGETOA) राजस्थान परिमंडल के पदाधिकारियों ने मंगलवार को बीएसएनएल बोर्ड के निदेशक (सीएम) संदीप गोविल से मुलाकात की। इस दौरान राजस्थान के मुख्य महाप्रबंधक विक्रम मालवीय और जयपुर बी.ए. के प्रधान महाप्रबंधक विजय सिंह नेमीवाल भी उपस्थित रहे।
बैठक में AIGETOA राजस्थान टीम से पी.एन. शर्मा (सचिव), प्रवीण शर्मा (वित्त सचिव), राजीव जैन (अध्यक्ष), दुष्यंत शर्मा (उपाध्यक्ष), नरेंद्र सिंह राठौड़ (सहायक सचिव) अजीत कुमार (सलाहकार), और अक्षय कुमार मीना शामिल हुए। चर्चा के दौरान बीएसएनएल रिक्रूट्स अधिकारियों से जुड़े मानव संसाधन व वित्तीय मुद्दों के साथ-साथ सेवा एवं तकनीकी विकास पर भी विमर्श किया गया।
निदेशक (सीएम) गोविल ने जानकारी दी कि राजस्थान में अब तक 5600 से अधिक 4G ई-नोड बी (E-Node B) सफलतापूर्वक ऑन-एयर हो चुके हैं। इसके जरिए न केवल मौजूदा नेटवर्क को मजबूत किया गया है बल्कि 1600 से अधिक ऐसे गाँव भी जोड़े गए हैं, जहाँ अब तक किसी भी ऑपरेटर का 4G नेटवर्क उपलब्ध नहीं था।
उन्होंने बताया कि यह सम्पूर्ण परियोजना भारत सरकार के “मेक इन इंडिया मिशन” के अंतर्गत स्वदेशी मोबाइल तकनीक से संचालित की जा रही है। बीएसएनएल विश्वस्तरीय दूरसंचार सेवाएँ प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
