Home latest 16 वर्षीय युवक के अंगदान से तीन लोगों को मिला नया जीवन

16 वर्षीय युवक के अंगदान से तीन लोगों को मिला नया जीवन

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

अजमेर (संवाददाता: नितिन मेहरा)।
जेएलएन मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय, अजमेर में सोमवार को एक ऐतिहासिक कार्य संपन्न हुआ। यहां 16 वर्षीय युवक के अंगदान से तीन लोगों को नया जीवन मिला है। युवक की दोनों किडनी और लीवर प्रत्यारोपण से जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान प्राप्त हुआ।

दानदाता परिवार का प्रेरणादायी निर्णय

जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया ने बताया कि दानदाता दुर्गा शंकर गुर्जर (16), निवासी कन्नौज, जिला अजमेर के ब्रेन डेथ घोषित होने के बाद परिवार ने अंगदान के लिए सहमति दी। पिता जवान राम गुर्जर, भाई रवि शंकर और दिनेश गुर्जर (दोनों नर्सिंग से जुड़े), और बहन समा गुर्जर (बीएससी नर्सिंग की छात्रा) ने इस पुण्य कार्य में सहमति देकर समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

चिकित्सा दल और प्रशासन का सहयोग

चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे ने बताया कि इस प्रक्रिया में सौटो और एनटीओआरसी टीम, नोडल ऑफिसर डॉ. गोगराज, काउंसलर डॉ. घनश्याम जोशी, एनेस्थेटिक टीम के डॉ. कुलदीप और डॉ. प्रदीप, न्यूरो फिजिशियन डॉ. पंकज सैनी व डॉ. दिलीप नगरवाल, सर्जन डॉ. श्याम भूतड़ा, डॉ. शिव कुमार बुनकर, डॉ. शिवाजी विद्यार्थी और डॉ. विजय सैनी सहित अनेक विशेषज्ञों का योगदान रहा।
ऑपरेशन थिएटर प्रभारी गीता मोल, शिव प्रसाद माहेश्वरी, आईसीयू प्रभारी प्रतीक, और सहयोगी राकेश गंगवाल, रईस एवं निजाम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ग्रीन कॉरिडोर और विशेष योगदान

अंगों को सुरक्षित जयपुर पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाया। इस अभियान में जिला कलक्टर लोक बंधु, पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा, एडीएम (शहर) गजेंद्र सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीपक शर्मा एवं सीआई धर्मवीर और सुनील का विशेष सहयोग रहा।

जयपुर से आई टीम में हार्ट सर्जन डॉ. संजीव देवगोडा, डॉ. ध्रुव शर्मा, लिवर सर्जन डॉ. दिनेश भारती, किडनी सर्जन डॉ. रामदयाल साहू, चेन्नई से आए हार्ट सर्जन डॉ. अरुण और डॉ. जगदीश, तथा अजमेर के डॉ. अनुराग गोयल ने अंग प्रत्यारोपण सर्जरी में योगदान दिया।

मानव सेवा का अनुपम उदाहरण

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अस्पताल पहुंचकर दानदाता परिवार का सम्मान किया और मानव सेवा के इस प्रयास की सराहना की।
यह अंगदान न केवल तीन व्यक्तियों के जीवन को बचाने में सहायक हुआ, बल्कि समाज के लिए प्रेरणादायी संदेश भी छोड़ गया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version