लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नशे को परिवार और समाज के लिए बताया घातक
झालावाड़, गंगधार। झालावाड़ जिले के गंगधार उपखंड क्षेत्र के चौमहला कस्बे में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा संचालित 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा अभियान के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगधार में आयोजित ब्लॉक स्तरीय संस्था प्रधान बैठक के दौरान अभियान के पोस्टर का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र जैन, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बाबूलाल चौहान, प्रधानाचार्य मनोहर दास बैरागी, कालू शर्मा एवं व्याख्याता ओम प्रकाश शर्मा सहित अन्य शिक्षाविदों ने पोस्टर का विमोचन कर समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक है। युवाओं को नशे की लत से दूर रखते हुए स्वस्थ, संस्कारित और जागरूक समाज के निर्माण के लिए व्यापक जन जागरूकता आवश्यक है। ब्रह्माकुमारी गीता दीदी ने बताया कि संस्था द्वारा संचालित 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान लोगो को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाकर राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन का रूप ले रहा है। उन्होंने उपस्थिति संस्था प्रधानों एवं शिक्षकों से अभियान को विद्यालयों और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाने का आव्हान किया है। कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारी गीता दीदी ने सभी संस्था प्रधानों को नशा मुक्ति की सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई।
