जयपुर। आगामी 20 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के जन्मदिवस पर ‘सूचना तकनीकी से सुशासन’ थीम पर प्रदेश में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न आईटी सर्विसेज़ को लॉन्च किया जाएगा। ये जानकारी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर दी। कार्यक्रम में सैम पित्रोदा को भी आमंत्रित किया है। वर्ष 2019 में राजीव जी के 75वें जन्मदिवस पर ‘RAJasthan Innovation Vision (RAJIV)’ कार्यक्रम शुरू किया था, जिसे कोविड के कारण एक वर्ष के लिए बढ़ाया गया था। दूरदर्शी सोच के धनी राजीव गांधी ने वर्षों पहले भारत में जिस कम्प्यूटर एवं सूचना क्रांति का बीज बोया, आज वह वट वृक्ष बन चुका है। सुशासन और पारदर्शिता लाने में सूचना प्रौद्योगिकी का बहुत महत्व है। हमारी सरकार का लक्ष्य है कि राजस्थान आईटी आधारित सुशासन में देश का प्रथम राज्य बने।
