Home latest योग प्रशिक्षकों ने दी योग दिवस बहिष्कार की चेतावनी

योग प्रशिक्षकों ने दी योग दिवस बहिष्कार की चेतावनी

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

मानदेय वृद्धि और स्थायी नियुक्ति की मांग, सरकार को दिया अल्टीमेटम

सिरोही। राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत कार्यरत योग प्रशिक्षकों ने मानदेय वृद्धि और स्थायी नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। अखिल राजस्थान योग प्रशिक्षक महासंघ ने जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों का बहिष्कार किया जाएगा।

महासंघ ने ज्ञापन में बताया कि वर्तमान में महिला योग प्रशिक्षकों को 5 हजार रुपये तथा पुरुष योग प्रशिक्षकों को 8 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है, जो पिछले कई वर्षों से नहीं बढ़ाया गया है। प्रशिक्षकों का कहना है कि लगातार पांच वर्षों से उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं, जबकि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है।

योग प्रशिक्षकों के अनुसार प्रदेशभर में करीब 3700 प्रशिक्षक राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत सेवाएं दे रहे हैं। उनका कहना है कि यदि 21 जून से पहले सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो वे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सहित अन्य योग गतिविधियों से भी दूरी बनाएंगे।

प्रशिक्षकों ने सरकार से मानदेय में वृद्धि, सेवा सुरक्षा और स्थायी नियुक्ति की मांग करते हुए जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताई है। ज्ञापन पर बड़ी संख्या में योग प्रशिक्षकों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन भी दर्ज कराया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version