लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद (गौतम शर्मा)। राजसमंद जिले के बिनोल स्थित देवनारायण भगवान मंदिर, उपला देवरा में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का वातावरण देखने को मिला।
कथा वाचक कन्हैया लाल शर्मा ने अपने मुखारविंद से कथा का वाचन करते हुए मनु-शतरूपा के वंश का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। उन्होंने दक्ष प्रजापति के चरित्र, भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह सहित विभिन्न प्रसंगों को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कथा के दौरान प्रभु श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और शिव-पार्वती के जयकारों से वातावरण पूरी तरह धर्ममय हो गया। श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर कथा का रसपान करते नजर आए।
आयोजन से जुड़े चिराग सोनी ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में बिनोल, साकरोदा, कर्णपुरिया, रेबारियों की ढाणी सहित आसपास के गांवों और दूरदराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कथा के आगामी दिनों में भी श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और पूरे क्षेत्र में उत्साह व श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।
