लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर।(रूपनारायण सांवरिया) 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चौगान स्टेडियम, जयपुर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में वर्ल्ड चैंपियन इनाया ख़ान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्व विजेता बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि तथा सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिला स्तरीय पुरस्कार (डिस्ट्रिक्ट लेवल अवॉर्ड) से सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ थे। इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा, विधायक बालमुकुंद आचार्य, जिला कलेक्टर संदेश नायक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। समारोह में खेल, सामाजिक सेवा, संगीत, चिकित्सा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ एवं जिला कलेक्टर संदेश नायक ने इनाया ख़ान को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। दोनों अतिथियों ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
महज 14 वर्ष की आयु में इनाया ख़ान ने अमेरिका में आयोजित रोबोफेस्ट वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में विश्व स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि ने राजस्थान की बेटियों की प्रतिभा को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है।
खेल और शिक्षा के साथ-साथ इनाया सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान से जुड़कर बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के संदेश को आगे बढ़ा रही हैं।
इनाया के पिता शकील ख़ान ने कहा कि यह सम्मान पूरे राजस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि इनाया की सफलता मेहनत, लगन और परिवार के सहयोग का परिणाम है, जो अन्य बेटियों को भी अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देती है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद इनाया ख़ान ने कहा, “बेटियों को अवसर, शिक्षा और प्रोत्साहन मिले तो वे अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर हर क्षेत्र में आगे बढ़कर देश का नाम विश्व पटल पर रोशन कर सकती हैं।”
उनकी यह उपलब्धि युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनकर उभरी है।