लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)| भारत सरकार के नगरीय विकास एवं आवासन मंत्रालय और जल जीवन मिशन मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से पूरे देश में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस दौरान स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियाँ और जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने बताया कि इस पखवाड़े को लेकर 9 सितंबर को भारत सरकार के नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री मनोहर लाल खट्टर और जल जीवन मिशन के मंत्री सी.आर. पाटिल द्वारा देशभर के पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्रियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली गई। जयपुर से शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने इसमें भाग लिया।
बैठक में जानकारी दी गई कि पखवाड़े के दौरान सार्वजनिक स्थलों की सफाई, सफाई मित्रों के लिए सुरक्षा शिविर, क्लीन ग्रीन उत्सव, स्वच्छता जागरूकता अभियान, तथा सफाई कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। पखवाड़े का समापन 2 अक्टूबर 2025 को स्वच्छ भारत दिवस के रूप में होगा।
मदन दिलावर ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश में भी व्यापक स्तर पर स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा और लोगों को सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित विभागों ने आवश्यक तैयारियाँ शुरू कर दी हैं।