लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
श्याम मंदिर में 50 से अधिक प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
देवउठनी एकादशी पर साधु-संतों व जनप्रतिनिधियों ने किया सम्मानित, महाआरती में उमड़ा जनसैलाब
पादूकलां।
बस्सी की ढाणी स्थित श्री श्याम मंदिर प्रांगण में शनिवार को देवउठनी एकादशी, बाबा श्याम जन्मोत्सव एवं पाटोत्सव के अवसर पर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला।
श्री श्याम मित्र मंडल विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का शुभारंभ साधु-संतों के सान्निध्य में हुआ।
कार्यक्रम में महंत पीर योगी नारायणनाथजी महाराज, महंत पांचारामजी महाराज, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य अतिथियों ने मंचासीन होकर 50 से अधिक ग्रामीण प्रतिभाओं, भामाशाहों और समाजसेवियों को माला, साफा, साल, मोमेंटो और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं अपनी मेहनत और लगन से सफलता की नई मिसालें कायम कर रही हैं।
मंदिर पुजारी पुखराज शास्त्री ने सभी अतिथियों का राजस्थानी परंपरा अनुसार स्वागत किया और बाबा श्याम की मोरछड़ी घुमाकर आशीर्वाद स्वरूप श्याम कृपा की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर “श्याम नाम की गूंज” से गुंजायमान हो उठा। देर रात तक भजन संध्या और कीर्तन का आयोजन हुआ।
समारोह के समापन पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्याम प्रेमियों, साधु-संतों व जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके बाद प्रसाद वितरण के साथ पूरे परिसर में भक्ति और आनंद का माहौल छा गया।