लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने दिए निर्देश, कहा — “मेले की व्यवस्थाएं सबकी सामूहिक जिम्मेदारी”
अजमेर से संवाददाता: नितिन मेहरा
अजमेर । श्री पुष्कर मेला 2025 की तैयारियों को लेकर आयोजित सलाहकार समिति की बैठक शनिवार को जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों पर हुई प्रगति की समीक्षा की गई और मेले की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
मंत्री रावत ने कहा कि मेले की तैयारियां सामूहिक जिम्मेदारी हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुष्कर के विकास के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया है, वहीं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी पुष्कर के स्वरूप में स्थायी निखार लाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश पास की व्यवस्था समाप्त की जाएगी। अब दर्शक पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर अपनी पसंद की जगह पर बैठ सकेंगे।
सफाई, रोशनी और आधारभूत सुविधाओं पर जोर
रावत ने निर्देश दिए कि दीपावली से पहले सभी स्थानों पर सफाई और रोशनी के कार्य पूर्ण किए जाएं। परिक्रमा मार्ग की सड़कों, पशुपालकों के लिए पानी की खेलियां, सड़क मरम्मत और सीवरेज सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता होने पर नगर निगम, अजमेर से अतिरिक्त संसाधन लेने को कहा गया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी पशु प्रतियोगिताएं नए मेला मैदान में आयोजित की जाएं और विकास प्रदर्शनी के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचे।
यातायात और पेयजल आपूर्ति के विशेष निर्देश
मंत्री ने कहा कि मेला अवधि के दौरान पेयजल की अतिरिक्त सप्लाई सुनिश्चित की जाए और रोडवेज द्वारा 30 अक्टूबर से 7 नवम्बर तक अतिरिक्त बसें चलाई जाएं, ताकि यात्रियों को सुविधा मिले।
दीपावली के बाद विभिन्न स्थानों पर अस्थाई डिस्पेंसरी संचालित करने और उनकी संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए। खाद्य पदार्थों की नियमित जांच, सैम्पलिंग, तथा गैस और फूड पैकेट काउंटर की स्थापना का निर्देश जिला रसद अधिकारी कार्यालय को दिया गया।
स्वच्छता और सुरक्षा पर सख्ती
रावत ने कहा कि विद्युत विभाग ढीले तारों और खुली डीपी को दुरुस्त करे तथा अनावश्यक खंभे हटाए। दुकानदारों को अस्थाई विद्युत कनेक्शन केवल नगर परिषद के अनापत्ति प्रमाण पत्र के आधार पर ही दिए जाएं।
उन्होंने निर्देश दिया कि स्वच्छंद विचरण करने वाले पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजा जाए, और पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
प्रशासन और पुलिस की तैयारी
जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि पुष्कर मेला धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे पशुपालकों और स्थानीय नागरिकों को आर्थिक अवसर प्राप्त होते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी और प्राप्त सुझावों के अनुसार नवाचार किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने कहा कि सभी के सहयोग से कानून व्यवस्था बनाए रखी जाएगी। मेला अवधि में पुष्कर लीला सेवड़ी मार्ग वन-वे रहेगा, और घाटों पर सुरक्षा बढ़ाने, जहरखुरानी एवं जुए पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में पुष्कर नगर परिषद के निवर्तमान सभापति कमल पाठक, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर गजेन्द्र सिंह राठौड़ एवं ज्योति ककवानी, अजमेर उपखण्ड अधिकारी गरीमा नरूला, आईपीएस डॉ. अजेय सिंह, पुष्कर उपखण्ड अधिकारी गुरू प्रसाद तंवर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. दीपक कुमार, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. सुनील घीया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।