लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) – निंबार्क सेवा समिति, निंबार्क आश्रम गांधी नगर, भीलवाड़ा की ओर से इस वर्ष भी शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर अस्थमा की प्रसिद्ध आयुर्वेदिक दवाई का निशुल्क वितरण किया जाएगा। यह कार्यक्रम 6 अक्टूबर 2025 (सोमवार) को आश्रम परिसर में आयोजित होगा।
संरक्षक महंत मोहन शरण जी महाराज ने बताया कि यह आयुर्वेदिक औषधि वर्षों से अस्थमा और श्वास संबंधी रोगों में अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। उन्होंने दवा लेने का तरीका भी बताया: “यह दवा पूर्णत: प्राकृतिक है। इसे सुबह खाली पेट या बासी पेट एक गिलास पानी में महिलाओं के लिए 4-5 चुटकी और पुरुषों के लिए 5-6 चुटकी डालकर उबालें। जब आधा कप रह जाए तो इसे चाय की तरह पी लें। इससे श्वसन तंत्र मजबूत होता है और अस्थमा में राहत मिलती है।”
समिति अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार भी टोकन व्यवस्था की गई है। टोकन वितरण 5 अक्टूबर से शुरू होगा। 6 अक्टूबर की रात्रि में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद खीर का प्रसाद और अस्थमा दवा का वितरण किया जाएगा।
यह दवा पूर्णत: निशुल्क रहेगी और अब तक हजारों-लाखों श्रद्धालुओं ने इसका लाभ लिया है। यह आयोजन स्व. श्रीमती लक्ष्मी देवी अजमेरा (धर्मपत्नी स्व. रामपाल अजमेरा) की पुण्य स्मृति में किया जा रहा है।
आयोजन की तैयारियों में गोपाल सुकवाल, महेश जाजू, हर्ष राठी, पंकज अग्रवाल, कुंज बिहारी चांडक, मनीष अजमेरा, हरि अग्रवाल, शाहिद सहित निंबार्क सेवा समिति के सभी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। समिति ने व्यवस्था, टोकन वितरण, भजन संध्या और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।
महंत मोहन शरण महाराज और राधेश्याम सोमानी ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समय पर पहुँचकर टोकन लेकर दवा प्राप्त करें और भजन संध्या में सहभागी बनें।
