लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
स्वास्थ्य, पोषण और जंक फूड से होने वाली बीमारियों पर बच्चों को किया जागरूक
सेमारी (सलूंबर)।
आरोग्य वर्ल्ड एवं ममता हेल्थ इंस्टीट्यूट फॉर मदर एंड चाइल्ड के संयुक्त तत्वावधान में हेल्दी स्कूल प्रोग्राम का संचालन किया गया। राज्य सरकार के निर्देशानुसार सलूंबर जिले के सराड़ा ब्लॉक के अंतर्गत 43 विद्यालयों को इस कार्यक्रम के लिए चयनित किया गया है।
कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों की कक्षा 6वीं एवं 7वीं के विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, पोषण और गैर-संचारित बीमारियों जैसे मधुमेह आदि के बारे में जागरूक करना है।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय थाणा में आयोजित कार्यक्रम में “स्वास्थ्य का मार्ग गतिविधि” और “स्वास्थ्य की सीढ़ी चढ़े” जैसे खेलों के माध्यम से बच्चों को संतुलित आहार के महत्व और जंक फूड (पिज़्ज़ा, बर्गर, चाउमीन, मैगी आदि) के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया। साथ ही मोबाइल पर अधिक समय बिताने से होने वाली मानसिक और शारीरिक समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में ममता हेल्थ इंस्टीट्यूट फॉर मदर एंड चाइल्ड से फील्ड कोऑर्डिनेटर मजीद खान ने विद्यार्थियों को धूम्रपान न करने, बाजार के तले हुए एवं एक्सपायरी खाद्य पदार्थों से बचने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सही खानपान की आदतें विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
