लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एल्फिन एग्रो स्ट्राइकर्स ने 3 रन से जीत दर्ज कर रचा इतिहास
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) ऑरियम के तत्वावधान में आयोजित सीए चैंपियंस लीग 2026 का समापन रविवार को बेहद रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में पहले तीसरे स्थान के लिए मुकाबला खेला गया, उसके बाद फ्लडलाइट्स में खेला गया फाइनल मैच टूर्नामेंट को यादगार बना गया।
शाखा अध्यक्ष आलोक सोमानी ने बताया कि तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में सीए ब्रदरहुड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नरेडी इन्वेस्टमेंट की टीम ने संयमित खेल का प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला अपने नाम किया। इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए राहुल पोरवाल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मुख्य समन्वयक नरेश जागेटिया ने बताया कि रात्रि में फ्लडलाइट्स के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में एल्फिन एग्रो स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 157 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इस दौरान सीए जगदीप चौधरी ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए 61 गेंदों में 67 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं दीपक न्याती ने भी महत्वपूर्ण योगदान देते हुए 37 रन जोड़े।
मुख्य समन्वयक दिनेश आगाल ने बताया कि लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रोस्टॉक्स की टीम ने अंत तक कड़ा संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 154 रन पर ऑलआउट हो गई। इस प्रकार एल्फिन एग्रो स्ट्राइकर्स ने मात्र 3 रन से जीत दर्ज कर सीए चैंपियंस लीग 2026 की ट्रॉफी अपने नाम की। शानदार प्रदर्शन के लिए सीए जगदीप चौधरी को फाइनल मुकाबले का मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
शाखा सचिव अक्षय सोडानी ने बताया कि फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता टीम एल्फिन एग्रो स्ट्राइकर्स को ऑरियम की ओर से अर्पित चौधरी द्वारा ट्रॉफी प्रदान की गई। इस अवसर पर खिलाड़ियों, आयोजकों एवं बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने विजेता टीम का जोरदार स्वागत किया।
तीन रनों से तय हुआ यह रोमांचक मुकाबला दर्शकों को अंत तक बांधे रखने में सफल रहा। सीए चैंपियंस लीग 2026 न केवल प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का उत्कृष्ट उदाहरण बनी, बल्कि खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द का भी सशक्त मंच सिद्ध हुई।
