लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीपलू। तहसील क्षेत्र के इब्राहिमपुरा छोटा टाटा गांव स्थित राजकीय विद्यालय के पास लगातार कचरा डाले जाने से आसपास का क्षेत्र गंदगी का अड्डा बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ लोगों द्वारा विद्यालय के समीप नियमित रूप से कचरा फेंका जा रहा है, जिससे स्कूल परिसर के आसपास गंदगी का अंबार लग गया है।
बरसात के मौसम में कचरे से उठने वाली दुर्गंध और जहरीले कीड़ों के कारण विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थिति से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
ग्रामीण राजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि लगातार शिकायतों के बावजूद विद्यालय के आसपास सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय के पास कचरा डालने पर तत्काल रोक लगाई जाए, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।