लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) विकास अध्ययन संस्थान (आईडीएस) में “सम्मान के साथ बुढ़ापा: भारत में उभरती सामाजिक-आर्थिक और स्वास्थ्य चुनौतियाँ” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव आशीष मोदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में आशीष मोदी ने वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सम्मान सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के सम्मानजनक जीवन के लिए पारिवारिक सहयोग और सामुदायिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
यह संगोष्ठी भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) के प्रायोजन से आयोजित की गई। कार्यक्रम के अंतर्गत चौथे प्रो. वी. एस. व्यास स्मृति व्याख्यान का भी आयोजन किया गया।
संगोष्ठी में प्रो. रमेश के. अरोड़ा एवं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की प्रो. संघमित्रा शील आचार्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। भारतीय जराविज्ञान संघ के अध्यक्ष प्रो. के. एल. शर्मा तथा संस्थान के निदेशक प्रो. संजय लोढ़ा ने उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता की।
दो दिवसीय संगोष्ठी के दौरान छह तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के विभिन्न आयामों पर विस्तृत विमर्श किया गया।
