लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अंतरराष्ट्रीय संसदीय मंच पर टोंक–सवाई माधोपुर का बढ़ा गौरव,
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। टोंक–सवाई माधोपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद हरीश चन्द्र मीणा को 18वीं लोकसभा की अवधि के लिए गठित भारत–नाइजीरिया संसदीय मैत्री समूह (India–Nigeria Parliamentary Friendship Group) का सदस्य नामित किया गया है। इस संबंध में लोकसभा सचिवालय, नई दिल्ली के सम्मेलन एवं प्रोटोकॉल प्रकोष्ठ द्वारा उन्हें आधिकारिक सूचना दी गई है।
भारत–नाइजीरिया संसदीय मैत्री समूह का उद्देश्य दोनों देशों के बीच संवाद, सहयोग और मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करना है। इस मंच के माध्यम से दोनों देशों के सांसदों के बीच विचारों का आदान-प्रदान, संसदीय प्रतिनिधिमंडलों के दौरे तथा व्यापार, शिक्षा, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में आपसी सहयोग को बढ़ावा दिया जाता है।
सांसद हरीश चन्द्र मीणा का इस प्रतिष्ठित संसदीय समूह में सदस्य के रूप में नामित होना टोंक–सवाई माधोपुर संसदीय क्षेत्र के लिए गौरव और सम्मान का विषय माना जा रहा है। उनके अनुभव और सक्रिय भूमिका से भारत और नाइजीरिया के बीच संसदीय कूटनीति को मजबूती मिलने की उम्मीद है तथा अंतरराष्ट्रीय संसदीय मंच पर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व और सशक्त होगा।
इस अवसर पर सांसद मीणा ने कहा कि वे इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करेंगे तथा भारत और नाइजीरिया के बीच मित्रता, सहयोग और संसदीय संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे।
