लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राव दूदाजी प्रतिमा अनावरण समारोह में गरजे राजनाथ सिंह, बोले- “पाकिस्तान ने नजर उठाई तो अबकी बार इतिहास बदल जाएगा”
नागौर/जयपुर। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में देश की सुरक्षा नीति में ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं। भारत ने पूरी दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ हमारी नीति “जीरो टॉलरेंस” की है। यदि पाकिस्तान ने भारत की ओर नजर उठाने की कोशिश की, तो “जो अब तक नहीं हुआ, वह होकर रहेगा।”
वे गुरुवार को नागौर जिले के मेड़ता में आयोजित श्री राव दूदाजी की अश्वारोही प्रतिमा के अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान की धरती त्याग, वीरता और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती है। यहां हर घर से जवान देश की रक्षा के लिए सेना में जाता है।
राव दूदाजी के शौर्य को किया नमन
रक्षा मंत्री ने कहा कि वीर शिरोमणि राव दूदाजी का जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका पूरा जीवन शौर्य, पराक्रम, संकल्प और समर्पण का प्रतीक रहा है। अश्व पर सवार उनकी प्रतिमा राष्ट्र को आगे बढ़ने और वीरता की राह पर चलने का संदेश देती है।
आतंकवाद पर भारत का सख्त रुख
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सेना ने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक और हालिया “ऑपरेशन सिंदूर” के जरिए दुनिया को अपनी सैन्य क्षमता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा, “भारत किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन अगर कोई छेड़े तो उसे छोड़ता भी नहीं। हमारे नागरिकों पर हमला होगा तो घर में घुसकर जवाब देंगे।”
महिलाओं का सम्मान भारतीय संस्कृति की आत्मा
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी “विकास भी और विरासत भी” की अवधारणा पर कार्य कर रहे हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” से लेकर महिला सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाए गए हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को विधानसभा और संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले- सेना का आधुनिकीकरण आत्मनिर्भर भारत की ताकत
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भारतीय सेनाओं का व्यापक आधुनिकीकरण हुआ है, जिससे “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को रक्षा क्षेत्र में नई मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान को करारा जवाब देकर देश का मान बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राव दूदाजी ने वीरता और स्वाभिमान की जो परंपरा स्थापित की, उसने राजस्थान को विश्वभर में गौरवान्वित किया।
गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश के महापुरुषों और लोकनायकों की विरासत को संरक्षित करने के लिए विभिन्न पेनोरमा विकसित कर रही है। इनमें खरनाल में वीर तेजाजी पेनोरमा सहित कई ऐतिहासिक परियोजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने कृषि, बिजली और पानी से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों और युवाओं के हित में लगातार कार्य कर रही है। जयपुर में 23 से 25 मई 2026 तक आयोजित होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAM-2026) में किसानों से भाग लेने का आह्वान भी किया।
गजेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया इतिहास से संवाद का अवसर
केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि लोकनायकों की प्रतिमाओं का अनावरण केवल समारोह नहीं, बल्कि इतिहास से संवाद और नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि राव दूदाजी का जीवन वीरता, सहिष्णुता और महिला सम्मान का प्रतीक है।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने मीराबाई पेनोरमा का अवलोकन किया तथा श्री चारभुजा नाथ और मीराबाई मंदिर में दर्शन कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
समारोह में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री मंजू बाघमार, पूर्व राज्यपाल वी. पी. सिंह बदनौर, किसान आयोग अध्यक्ष सी. आर. चौधरी, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे।