Home latest राजकीय सम्मान के साथ शहीद अग्निवीर खेमाराम कुमावत को अंतिम विदाई

राजकीय सम्मान के साथ शहीद अग्निवीर खेमाराम कुमावत को अंतिम विदाई

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, हजारों लोगों ने दी वीर सपूत को श्रद्धांजलि

नावां सिटी। (प्रदीप कुमार डागा) पांचोता गांव के वीर सपूत अग्निवीर वायु सैनिक शहीद खेमाराम कुमावत को सोमवार शाम पूरे राजकीय सम्मान और सैन्य गरिमा के साथ अंतिम विदाई दी गई। अंतिम यात्रा में उमड़े जनसैलाब ने राष्ट्रभक्ति और शहीद के प्रति सम्मान का अभूतपूर्व उदाहरण प्रस्तुत किया।

नावां के सांभर चौराहे से पांचोता गांव तक निकली करीब पांच किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “खेमाराम अमर रहे” के नारों के साथ अपने वीर सपूत को अंतिम सलाम दिया। पूरे मार्ग पर ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

गांव पहुंचने पर भारतीय वायुसेना के जवानों ने शहीद की पार्थिव देह को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में रखा, जहां जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और हजारों ग्रामीणों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान नावां विधायक विजय सिंह चौधरी, पूर्व उपमुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी, जिला कलक्टर अवधेश मीणा, एसडीएम दिव्या सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़, कांग्रेस महिला प्रदेशाध्यक्ष सारिका चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जब शहीद की पार्थिव देह उनके निवास पहुंची तो परिवारजनों के अंतिम दर्शन के दौरान माहौल भावुक हो उठा। इस अवसर पर शहीद के पिता रामदेव कुमावत ने कहा, “मुझे गर्व है कि मेरा बेटा देश के लिए शहीद हुआ है।” उनके इस वक्तव्य ने उपस्थित लोगों में देशभक्ति का नया उत्साह भर दिया।

अंतिम संस्कार स्थल पर भारतीय वायुसेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर राष्ट्र की ओर से अपने वीर सपूत को अंतिम सलामी दी। इसके बाद छोटे भाई गोविंदराम ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।

शहीद खेमाराम कुमावत की अंतिम विदाई के दौरान पूरा क्षेत्र शोक और गर्व की भावनाओं से सराबोर नजर आया। पांचोता की धरती ने अपने वीर बेटे को अंतिम विदाई जरूर दी, लेकिन उनका नाम अब शौर्य, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान की अमर गाथा के रूप में सदैव याद किया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version